PP NEWS LINE DESK : एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। हालांकि मैदान पर जीत जितनी आसान रही, उतना ही बड़ा विवाद मैच के बाद खड़ा हो गया। भारतीय खिलाड़ियों ने मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया, जिसके चलते यह मामला अब ‘हैंडशेक-गेट’ के नाम से सुर्खियों में है।
भारतीय खिलाड़ियों ने क्यों नहीं मिलाया हाथ?
मैच के अंतिम क्षणों में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्का लगाकर जीत पक्की की। इसके बाद आमतौर पर विरोधी टीम से हाथ मिलाने की परंपरा होती है, लेकिन सूर्यकुमार ने केवल शिवम दुबे से हाथ मिलाया और पूरी भारतीय टीम सीधे ड्रेसिंग रूम लौट गई। टीम स्टाफ ने तुरंत दरवाजा भी बंद कर लिया। इससे पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर खड़े रह गए और अपमानित महसूस किया।
पाकिस्तानी कप्तान और कोच की नाराजगी
इस वाकये से नाराज पाक कप्तान सलमान अली आगा ने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया। वहीं, पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने कहा, *“हम हाथ मिलाने के लिए तैयार थे, लेकिन भारतीय टीम ड्रेसिंग रूम चली गई। मैच को खत्म करने का यह बेहद निराशाजनक तरीका था।”*
पाकिस्तानी मैनेजमेंट ने बयान जारी कर कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का यह व्यवहार खेलभावना के खिलाफ था।
सूर्यकुमार यादव का बयान
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर सफाई दी। उन्होंने कहा, *“हम सरकार और बीसीसीआई के साथ खड़े हैं। पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाने का फैसला हमने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए लिया। यह जीत हमारे सशस्त्र बलों को समर्पित है।”*
क्या भारत पर लगेगा जुर्माना?
आईसीसी नियमों के अनुसार, मैच के बाद हाथ मिलाना कोई अनिवार्य प्रावधान नहीं है। यह खेलभावना का हिस्सा जरूर है, लेकिन नियमों में शामिल नहीं है। ऐसे में टीम इंडिया पर किसी भी तरह के जुर्माने की संभावना नहीं है।
